
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम और दक्ष बनाने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेल द्वारा आधुनिक सिग्नलिंग प्रणालियों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में अक्टूबर माह में भोपाल मंडल के बीना स्टेशन पर नया सेंट्रलाइज्ड इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) सिस्टम कमीशन किया गया। इसके साथ ही कुरवाई केथोरा–बीना रेलखंड पर 18.26 रूट किलोमीटर में ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली भी शुरू की गई है।
बीना स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और तीसरी रेल लाइन से जुड़े कार्यों के तहत स्थापित नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली में 658 सिग्नल रूट्स, 115 पॉइंट मशीनें और 135 ट्रैक सर्किट शामिल हैं। इसमें ड्यूल विजुअल डिस्प्ले यूनिट (VDU) तथा हॉट स्टैंडबाय जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह प्रणाली उत्तर मध्य रेल के आगासोद स्टेशन से कनेक्टिविटी के साथ रेल परिचालन को अधिक सुचारु बनाने में सहायक होगी। इसके अलावा बीना गुड्स और कुरवाई केथोरा स्टेशनों की मौजूदा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं।
ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग के तहत कुरवाई केथोरा–बीना रेलखंड की अप, डाउन और द्विदिशात्मक तीसरी लाइन पर कार्य पूरा किया गया है। इससे ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और रेलखंड की परिचालन क्षमता को मजबूती मिलेगी।

चालू वित्तीय वर्ष में पश्चिम मध्य रेल में अब तक आठ स्टेशनों पर नई इलेक्ट्रॉनिक, पैनल अथवा रूट रिले इंटरलॉकिंग प्रणाली कमीशन की जा चुकी है। वहीं, 15 स्टेशनों पर मौजूदा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली में बदलाव किए गए हैं। ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग के अंतर्गत कुल 57.40 रूट किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है।
आधुनिक सिग्नलिंग तकनीक से रेल संरक्षा, प्रणाली की विश्वसनीयता और परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी। पश्चिम मध्य रेल की यह पहल यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।