अंगदान करने वाले परिवारों के त्याग को मिलेगी पहचान, देशभर में विस्तार की योजना : डॉ. अतुल मलिकराम

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, इंदौर : किसी अपने को खोने का दुख असहनीय होता है, लेकिन इसी दुख के बीच कुछ परिवार अंगदान और टिश्यूदान के जरिए दूसरों को जीवन की नई उम्मीद देते हैं। ऐसे परिवारों के साहस और मानवीय संवेदना को सम्मान देने के उद्देश्य से 2030 का भारत ने ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ की पहल की है। इस आयोजन के उद्देश्यों, चयन प्रक्रिया और भविष्य की योजनाओं को लेकर 2030 का भारत के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने विशेष बातचीत में विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. मलिकराम ने बताया कि इस सम्मान का उद्देश्य अंगदान करने वाले परिवारों के त्याग को सामाजिक पहचान देना और लोगों में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके तहत तीन श्रेणियों में सम्मान दिए जाएंगे। पहली श्रेणी ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ अंगदान करने वाले परिवारों के लिए, दूसरी ‘जीवन प्रेरणा सम्मान’ जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों एवं परिवारों के लिए और तीसरी ‘जीवन सारथी सम्मान’ चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों, डॉक्टरों, सर्जनों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि सम्मान के लिए चयन लोकप्रियता के बजाय वास्तविक योगदान और प्रमाणिक दस्तावेजों के आधार पर किया जाएगा। चिकित्सा संस्थानों की जानकारी, सामाजिक अभियानों के प्रभाव और संबंधित पेशेवरों के योगदान को चयन का आधार बनाया जाएगा।

आर्थिक सहयोग के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल संस्था को कोई सरकारी ग्रांट नहीं मिल रही है। हालांकि व्यक्तिगत सहयोग, स्वयंसेवकों और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से सहयोग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था को आयकर अधिनियम के तहत 80जी प्रमाणन प्राप्त है।

डॉ. मलिकराम के अनुसार, इस पहल की शुरुआत इंदौर से हुई है, लेकिन भविष्य में इसे मध्य प्रदेश के अन्य शहरों और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की योजना है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य अंगदान से जुड़ी भ्रांतियां दूर करना और सही जानकारी लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंगदान पूरी तरह स्वैच्छिक निर्णय है।

उन्होंने बताया कि 2030 का भारत शिक्षा, आजीविका, वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और वंचित समुदायों के सशक्तीकरण के क्षेत्र में भी काम कर रहा है। उनके अनुसार, इस अभियान की असली सफलता तब होगी, जब अंगदान पर परिवारों में खुलकर बातचीत शुरू होगी और समाज में जीवन बचाने की सकारात्मक सोच विकसित होगी।

Related Articles

Back to top button