
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, रायबरेली : सैनिक समाज सेवा संगठन, रायबरेली की ओर से रेजांगला शौर्य दिवस के अवसर पर देदौर स्थित पटेल पार्क में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में सैकड़ों सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर रेजांगला युद्ध के अमर शहीदों को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले रेजांगला के वीर सैनिकों को नमन किया।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समारोह को आकर्षक बनाया। आगरा, फिरोजाबाद, जालौन और बिहार से आए संगठन के पदाधिकारियों ने रेजांगला युद्ध के ऐतिहासिक महत्व तथा भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान पर प्रकाश डाला।
लखनऊ से पहुंचे संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता सूबेदार मेजर हरिराम यादव ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सैनिक दस्तावेजों के रखरखाव, अभिलेखों में त्रुटियों के सुधार तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

समारोह में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट जय सिंह यादव फौजी के नेतृत्व में वीर नारियों, वीरता पदक विजेताओं के परिजनों, सेवानिवृत्त सैनिकों, शिक्षकों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। वहीं विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को डायरी, नोटबुक, पेन, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की सफलता में विशेष सहयोग के लिए फौजी अंबेश चौधरी के पिता हरिनाम चौधरी के प्रति आभार जताया गया।

अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष जय सिंह यादव फौजी ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि रेजांगला के वीर शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, साहस और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।