
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में विश्व धरोहर सप्ताह (19 से 25 नवंबर) के अवसर पर इतिहास विभाग एवं उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित की गई। 19 नवंबर को गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय में आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसमें फतेहपुर के रसिक बिहारी लाल जी, वाराणसी के कर्दमेश्वर महादेव मंदिर, लखनऊ के गुलिस्ताने इरम, लखीमपुर खीरी के मेंढक मंदिर, बालाबेहट किला और रसखान की समाधि सहित कई महत्वपूर्ण स्मारकों को शामिल किया गया है। इसके अलावा चंदौली के मलहर और सोनभद्र के राजा नल का टीला जैसे उत्खनित पुरास्थलों की जानकारी भी दी गई।

उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय की निदेशक रेनू द्विवेदी ने कुलपति को विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों और उनके संरक्षण एवं अनुरक्षण कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह के तहत निदेशालय प्रदेश के 27 जनपदों में कुल 41 शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों में धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना आवश्यक है।
प्रदर्शनी के पहले दिन विश्वविद्यालय के लगभग 600 विद्यार्थियों ने इसका अवलोकन किया। कुलपति ने आयोजन के लिए इतिहास विभाग और पुरातत्व निदेशालय की सराहना की।

यह प्रदर्शनी 25 नवंबर तक विश्वविद्यालय के निर्धारित समयानुसार गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय में आमजन, विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. विक्टर बाबू, प्रो. राजेश गौतम, प्रो. शूरदारा पुरी, प्रो. रवि कुमार, प्रो. आनंद सिंह, डॉ. रेनू पाण्डेय, डॉ. सुदर्शन चक्रधारी तथा उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय के उत्खनन एवं अन्वेषण से संबंधित राम विनय, सहायक पुरातत्व अधिकारी राहुल बरैया, बलिहारी सेठ, हिमांशु, अभिषेक एवं प्रमोद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।