
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बहराइच के सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड उपस्थित रहे। मुख्य वक्ताओं में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर की कुलपति प्रो. शोभा गौर तथा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर डॉ. राम शंकर उरांव शामिल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर तथा भगवान बिरसा मुंडा के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कुलपति प्रो. मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि साहस, पराक्रम और संघर्ष जनजातीय समुदायों की पहचान हैं। उन्होंने जनजातीय समाज के पारंपरिक ज्ञान, हस्तशिल्प, जैव विविधता संरक्षण एवं बांस आधारित अर्थव्यवस्था के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय शोध मंच (ट्राइबल रिसर्च फोरम) स्थापित करने की मंशा भी व्यक्त की, जिससे जनजातीय विषयों पर शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
मुख्य अतिथि डॉ. आनंद कुमार गोंड ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उन्होंने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, छात्रवृत्ति योजनाओं और वन धन विकास केंद्रों जैसी सरकारी पहलों का उल्लेख किया।

प्रो. शोभा गौर ने जनजातीय समुदायों की शिक्षा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सशक्तिकरण पर जोर दिया। वहीं डॉ. राम शंकर उरांव ने भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान आंदोलन तथा तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, फूलो-झानो और टंट्या भील जैसे जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया।

इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। जनजातीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ परिसर में सखुआ के पौधों का रोपण भी किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन प्रो. जगमोहन थांती ने किया तथा संचालन डॉ. मंजरी राज ओरांव ने किया।
