
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को लखनऊ में गोमती उत्सव समिति द्वारा आयोजित ‘गोमती उत्सव-2026’ में सहभागिता कर समारोह को संबोधित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया। समारोह में तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़कर शांति, अमन, सद्भाव और एकता का संदेश भी दिया गया।

अपने संबोधन में मौर्य ने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और रचनात्मक परंपराएं देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। गोमती उत्सव जैसे आयोजन लोक परंपराओं, कला एवं संस्कृति के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को प्रतिभा निखारने तथा कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों का सम्मान अन्य लोगों को भी जनसेवा और समाजहित के कार्यों के लिए प्रेरित करता है।
उप मुख्यमंत्री ने गोमती उत्सव समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा, प्रख्यात कवि सर्वेश अस्थाना सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।