एनएसई ने वेबसाइट और मोबाइल ऐप में जोड़े नए फीचर्स, एआई से मिलेगी शेयर बाजार की जानकारी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) ने निवेशकों और ट्रेडिंग सदस्यों की सुविधा के लिए अपनी वेबसाइट और मोबाइल ऐप में कई नए डिजिटल फीचर्स जोड़े हैं। इनका उद्देश्य शेयर बाजार से जुड़ी जानकारियों को आसान, सुलभ और सुविधाजनक बनाना है। नई सुविधाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), स्टॉक स्क्रीनिंग और पोर्टफोलियो प्रबंधन से जुड़े विकल्प शामिल हैं।

एनएसई ने ‘मार्केट लेंस’ का बीटा वर्जन पेश किया है। इसके माध्यम से निवेशक अपनी पसंद के शेयर खोजने और उनकी स्क्रीनिंग कर सकेंगे। इसमें पहले से तैयार स्टॉक स्क्रीन, सेक्टर आधारित जानकारी और अपनी जरूरत के अनुसार फिल्टर बनाने की सुविधा मिलेगी। निवेशक सामान्य भाषा में सवाल पूछकर भी शेयरों की स्क्रीनिंग कर सकेंगे।

इसके अलावा, एनएसई की वेबसाइट पर कॉर्पोरेट घोषणाओं का एआई आधारित सारांश भी उपलब्ध कराया गया है। निवेशक इसे टेक्स्ट और ऑडियो दोनों प्रारूपों में देख और सुन सकेंगे। ऑप्शन ग्रीक्स जैसे डेल्टा, गामा, थीटा और वेगा की जानकारी भी अब हर मिनट अपडेट होगी।

एनएसई का मार्केट डेटा मॉडल कॉन्टेक्स्ट प्रोटोकॉल (एमसीपी) के माध्यम से चैटजीपीटी और क्लॉड जैसे एआई असिस्टेंट पर भी उपलब्ध होगा। इससे निवेशक सामान्य भाषा में सवाल पूछकर बाजार संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

नए मोबाइल ऐप में वॉचलिस्ट बनाने और साझा करने, शेयरों की कीमतों के अलर्ट, पोर्टफोलियो विश्लेषण, परिवार के सदस्यों के निवेश की निगरानी और नॉमिनेशन की स्थिति देखने जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं।

ट्रेडिंग सदस्यों के लिए एनएसई मेंबर पोर्टल ऐप भी लॉन्च किया गया है। इसमें ट्रेड पल्स डैशबोर्ड, यूसीसी आंकड़े, नियामकीय नियमों, जरूरी सबमिशन और कनेक्टिविटी अनुपालन की जानकारी मिलेगी।

एनएसई के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विरल मोदी ने कहा कि डिजिटल तकनीक के जरिए एक्सचेंज का लक्ष्य पूंजी बाजार को अधिक सुलभ और समावेशी बनाना है।

Related Articles

Back to top button