जम्मू मंडल में टिकट चेकिंग अभियान, 10,708 मामले पकड़े; रेलवे को 78 लाख रुपये की आय

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ अक्टूबर माह में विशेष सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशों में 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक चले इस अभियान के दौरान कुल 10,708 मामले पकड़े गए। इनसे रेलवे को जुर्माने और अतिरिक्त किराए के रूप में 78,07,620 रुपये की आय प्राप्त हुई।

अभियान के तहत जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, शहीद कैप्टन तुषार महाजन और पठानकोट कैंट सहित मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सघन जांच की गई। इसके अलावा मंडल से गुजरने वाली विभिन्न ट्रेनों और प्लेटफॉर्मों पर टिकट चेकिंग स्टाफ ने औचक निरीक्षण कर बिना टिकट एवं अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वालों की पहचान की।

एक माह तक चले इस अभियान में रेलवे कर्मचारियों ने नियमित जांच के साथ विशेष निगरानी भी रखी। पकड़े गए मामलों से प्राप्त राजस्व रेलवे के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और गुणवत्तापूर्ण यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के विरुद्ध यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य रेलवे राजस्व बढ़ाने के साथ वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले ईमानदार यात्रियों के अधिकारों की रक्षा करना भी है।

मंडल प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन में सफर करने और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने से पहले वैध एवं यात्रा श्रेणी के अनुरूप टिकट अवश्य लें। रेलवे नियमों का पालन कर यात्री न केवल दंडात्मक कार्रवाई से बच सकते हैं, बल्कि सुरक्षित एवं परेशानी मुक्त यात्रा में भी सहयोग कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button