
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की ओर से कर्मचारियों को कार्य की व्यस्तता और तनाव से राहत देने तथा आपसी सौहार्द एवं टीम भावना विकसित करने के उद्देश्य से श्रावस्ती में एक दिवसीय भ्रमण शिविर आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में गोंडा परिक्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर कार्यरत 50 रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भ्रमण के दौरान कर्मचारियों को श्रावस्ती के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का अवलोकन कराया गया। इस क्रम में कर्मचारियों ने जेतवन, सहेत-महेत, महा अंगुलिमाल गुफा, कच्ची कुटी, ओरझर थाई टेंपल, कोरियन टेंपल तथा दिगंबर जैन शंभूनाथ मंदिर का भ्रमण किया। यहां उन्होंने विभिन्न स्थलों के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण को सुविधाजनक एवं यादगार बनाने के लिए मंडल प्रशासन की ओर से कर्मचारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। वापसी यात्रा के दौरान सभी प्रतिभागियों को उपहार भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण शिविर कर्मचारियों को नियमित कार्य की व्यस्तता एवं मानसिक तनाव से कुछ समय के लिए राहत प्रदान करते हैं। साथ ही ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों से परिचित होने का अवसर भी मिलता है। ऐसे आयोजन कर्मचारियों के बीच आपसी मेलजोल, भाईचारे, सहयोग और टीम भावना को मजबूत बनाने में सहायक होते हैं।

भ्रमण में शामिल कर्मचारियों ने मंडल प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने इसे सुखद, ज्ञानवर्धक और यादगार अनुभव बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।
