
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल पर ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. इसी क्रम में, मंडल रेल प्रबंधक (DRM) आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अनुभव पाठक के सीधे नेतृत्व में मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर सघन ‘डीप क्लीनिंग ड्राइव’ (गहन सफाई अभियान) चलाया गया.

इस विधिक अभियान के अंतर्गत स्टेशनों के प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज (FOB), कॉनकोर्स एरिया, प्रवेश व निकास द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, प्रतीक्षालयों तथा साइनेज बोर्डों की गहन साफ-सफाई की गई. इसके साथ ही, स्टेशनों पर उपलब्ध आधुनिक सफाई मशीनों व स्वच्छता उपकरणों की विधिक जांच कर उनकी शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की गई.

कचरे के वैज्ञानिक पृथक्करण एवं उचित निस्तारण के लिए विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग डस्टबिन स्थापित किए गए हैं. स्टेशन पर तैनात पर्यवेक्षकों एवं स्वास्थ्य मित्रों द्वारा यात्रियों को जागरूक करते हुए कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने की अपील की गई. जनसम्पर्क अधिकारी महेश गुप्ता द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, रेल प्रशासन यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण देने के लिए पूरी तरह कृतसंकल्पित है.
