
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) आशीष जैन ने वरिष्ठ मंडलीय अधिकारियों के दल के साथ गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन का सघन और व्यापक निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, संरक्षा उपकरणों तथा ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत चल रहे विभिन्न पुनर्विकास व निर्माण कार्यों की जमीनी प्रगति का बारीकी से जायजा लिया।

अमृत भारत पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं की समीक्षा
डीआरएम आशीष जैन ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज (FOB), प्लेटफॉर्म, वीआईपी लाउंज, यात्री प्रतीक्षालय और कैटरिंग स्टालों का तकनीकी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी और रेल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी पुनर्विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। निर्माण के दौरान यात्रियों की सुरक्षा व सुगमता में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए।

रेलवे कॉलोनी, टीआरडी डिपो और आरपीएफ बैरक का लिया जायजा
संरक्षा व्यवस्थाओं को परखने के लिए मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन के केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, रिले रूम, लॉक एंड ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, आईपीएस (IPS) रूम और ओएफसी (OFC) रूम का सघन निरीक्षण कर विफलता व अनुरक्षण रजिस्टरों की विधिक जांच की। इसके उपरांत, उन्होंने टीआरडी (TRD) डिपो, विद्युत पावर हाउस, आरपीएफ बैरक तथा स्टेशन पर सुरक्षा अभेद्य करने वाले CCTV मॉनिटरिंग कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने गाजीपुर सिटी रेलवे कॉलोनी और रेल कर्मियों के लिए निर्माणाधीन नए आवासों का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल व जल निकासी व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडल के सभी प्रमुख शाखा अधिकारी और वरिष्ठ पर्यवेक्षक मुस्तैदी से उपस्थित रहे। जनसम्पर्क अधिकारी महेश गुप्ता के अनुसार, डीआरएम ने परिचालन से जुड़े सभी कर्मचारियों को संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा पूर्ण सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
