
सांकेतिक तस्वीर
सूर्योदय भारत समाचर जम्मू : जम्मू डिवीजन में टिकट चेकिंग को मजबूत करने और अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चलाए गए विशेष सघन अभियान के तहत सितंबर महीने में बड़ी विधिक सफलता हासिल हुई है. डिवीजन के सतर्क टिकट चेकिंग स्क्वाड द्वारा एक महीने के भीतर कुल 6,617 मामले दर्ज किए गए, जिनसे रेलवे को ₹48,88,890 (48.88 लाख रुपये) का बम्पर जुर्माना राजस्व प्राप्त हुआ है .
जम्मू के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर (Sr. DCM) के कुशल नेतृत्व में यह अभियान डिवीजन के सभी प्रमुख स्टेशनों— जैसे जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, उधमपुर, पठानकोट कैंट— और विभिन्न ट्रेनों में मुस्तैदी से चलाया गया. दर्ज किए गए मामलों में बिना टिकट यात्रा करने वालों के साथ-साथ ट्रेनों व स्टेशन परिसरों में गंदगी फैलाने और धूम्रपान करने वाले दोषी भी शामिल हैं.
जम्मू डिवीजन के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, रेल प्रशासन ने यात्रियों से केवल वैध टिकट के साथ ही गरिमापूर्ण यात्रा करने तथा परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी यह दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी.