गोरखपुर के 52 रेलकर्मियों ने किये अयोध्या धाम दर्शन; पूर्वोत्तर रेलवे ने कर्मचारी कल्याण निधि से आयोजित किया विशेष शिविर

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल प्रशासन द्वारा गोरखपुर परिक्षेत्र के रेल कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य और मनोरंजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय ‘अयोध्या भ्रमण शिविर’ का शानदार आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस विशेष शिविर में ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ (Staff Benefit Fund) के अंतर्गत 52 रेलकर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।

इस पावन आध्यात्मिक यात्रा के दौरान रेल कर्मचारियों ने अयोध्या धाम पहुँचकर नवनिर्मित भव्य श्री राम मंदिर में प्रभु श्री रामलला के विधिक दर्शन किए। इसके उपरांत, पूरी टीम ने अयोध्या के प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों जैसे— हनुमानगढ़ी, सीता की रसोई, सरयू तट, राम की पैड़ी, हनुमत कुंड और भरतकुंड का भ्रमण कर वहाँ की आध्यात्मिक ऊर्जा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का गहन अनुभव किया।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने इस कल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से निरंतर कठिन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों में नई ऊर्जा, मानसिक शांति और सकारात्मक सोच का संचार होता है। यात्रा से लौटे सभी रेलकर्मियों ने इस विधिक सुविधा और सुंदर व्यवस्था के लिए मंडल रेल प्रशासन के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button