
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी रजत प्रताप सिंह के निर्देशन में गोंडा स्टेशन तथा गोंडा-इटियाथोक रेलखण्ड के विभिन्न समपारों (रेलवे क्रासिंग) पर एक व्यापक संरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत समपार संख्या 160 स्पेशल, 158ए.सी., 158ए तथा 153सी पर संरक्षा विभाग की टीम और काकुल फाउंडेशन की टीम द्वारा संयुक्त रूप से मर्मस्पर्शी नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। नाटकों के माध्यम से सड़क उपयोगकर्ताओं और रेल यात्रियों को बंद फाटक के नीचे से न निकलने, गेटमैन पर फाटक खोलने का विधिक दबाव न डालने, रेलवे ट्रैक पर कूड़ा न फेंकने तथा मवेशियों को ट्रैक के पास न ले जाने के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही गोंडा स्टेशन पर भी नुक्कड़ नाटक के जरिए यात्रियों को स्वच्छता व संरक्षा के कड़े विधिक नियमों की जानकारी दी गई।

जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव के अनुसार, इस अवसर पर मण्डल के संरक्षा सलाहकार, स्टेशन अधीक्षक (गोंडा), स्वास्थ्य निरीक्षक, आरपीएफ (RPF) एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने मुस्तैदी से उपस्थित रहकर यात्रियों को जागरूक करने वाले पम्पलेट वितरित किए।