
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया इस जन-आंदोलन का मुख्य उद्देश्य सामूहिक सहभागिता के माध्यम से पूरे विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाना रहा।
यह पूरा गरिमापूर्ण अभियान विश्वविद्यालय के स्वच्छता प्रभारी रवि शंकर वर्मा के कुशल निर्देशन में संचालित हुआ। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षकों, प्रशासनिक कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं तथा अग्रिम पंक्ति के सफाई सेवकों ने एक साथ मिलकर एक घंटे का सामूहिक श्रमदान किया। प्रतिभागियों ने न केवल विश्वविद्यालय परिसर के कोने-कोने की साफ-सफाई की, बल्कि कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता संदेश भी दिया।

स्वच्छता प्रभारी रवि शंकर वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन के अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हमें अपने दैनिक आचार-व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने जोर दिया कि एक स्वच्छ और स्वस्थ परिसर का निर्माण प्रत्येक सदस्य की विधिक व नैतिक जिम्मेदारी है। इस सफल कार्यक्रम के अंत में पूरे विश्वविद्यालय परिवार ने स्वच्छता को अपनी नियमित जिम्मेदारी के रूप में अपनाने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प लिया।