
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार सम्पूर्ण भारतीय रेल में चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत लखनऊ मंडल ने एक सराहनीय पर्यावरण अनुकूल कदम उठाया है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में ‘स्वच्छता से समृद्धि’ थीम पर ‘कबाड़ से जुगाड़/कबाड़ से कला’ विशेष पहल शुरू की गई है।
इस अभिनव पहल के अंतर्गत कोचिंग डिपो गोरखपुर तथा कोचिंग डिपो ऐशबाग में रेल कोचों के अनुपयोगी उपकरणों एवं कबाड़ सामग्रियों से अत्यंत आकर्षक डिजाइन व कलाकृतियां तैयार की गईं। इन कलाकृतियों की भव्य प्रदर्शनी आम यात्रियों और रेलकर्मियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लखनऊ जं., गोरखपुर जं., बस्ती एवं गोंडा जं. स्टेशनों पर लगाई गई है।
इसी क्रम में, मंडल द्वारा आनंदना फाउंडेशन के सहयोग से प्लास्टिक कचरे को रीसाइकिल करके बनाई गई आधुनिक बेंच यात्रियों की सुविधा हेतु लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर स्थापित की गई है। इस प्रयास के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी, प्रभावी कचरा प्रबंधन एवं जिम्मेदार नागरिक व्यवहार से जोड़ते हुए संसाधनों के पुनः उपयोग का एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया गया है ।