
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) चंद्रशेखर ने अपनी नई सांगठनिक जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार देवभूमि चित्रकूट का प्रवास किया। अपने इस प्रवास के दौरान वे भारत रत्न नानाजी देशमुख के ऐतिहासिक आवास ‘सियाराम कुटीर’ पहुंचे, जहाँ उन्होंने राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख के कक्ष में जाकर उनके तैलचित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
नानाजी का दर्शन असली तीर्थ: चंद्रशेखर
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद चंद्रशेखर कुछ देर नानाजी के कक्ष में ही बैठे और उनके साथ बिताए संस्मरणों को साझा किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि नानाजी के जीवन से उन्हें निरंतर राष्ट्रसेवा और समर्पण की प्रेरणा मिलती रही है। चित्रकूट आने पर भगवान कामतानाथ के दर्शन के साथ-साथ नानाजी के इस पावन निवास का दर्शन करना ही वास्तविक तीर्थ है। श्री चंद्रशेखर के दीनदयाल शोध संस्थान (DRI) के संगठन सचिव अभय महाजन के साथ भी गहरे और घनिष्ठ मित्रवत संबंध रहे हैं।
गरमापूर्ण स्वागत और सियाराम कुटीर का पुनर्निर्माण
सियाराम कुटीर पहुंचने पर दीनदयाल शोध संस्थान के सह संगठन सचिव अनिल अग्रवाल, सचिव अपराजित शुक्ला एवं महाप्रबंधक डॉ. अनिल जायसवाल ने चंद्रशेखर का रोली-टीका लगाकर और पारंपरिक गमछा पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया। उल्लेखनीय है कि हाल ही में चित्रकूट में आई भीषण बाढ़ के दौरान नानाजी का यह आवास पूरी तरह जलमग्न हो गया था, जिससे उनके कक्ष, रसोई, अतिथि सत्कार कक्ष, बैठक हॉल के फर्नीचर व अन्य ऐतिहासिक सामग्रियों को भारी नुकसान पहुंचा था, जिसका अब नए सिरे से मेंटेनेंस और जीर्णोद्धार किया जाना है।
इस अवसर पर उनके साथ भाजपा सतना के जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडे, जिला उपाध्यक्ष राव प्रबल श्रीवास्तव तथा जिला महामंत्री अश्विनी अवस्थी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।