ग्रामोदय विश्वविद्यालय में बाबा साहब आप्टे की जन्मशती पर ‘समर्पण दिवस’ आयोजित; भारतीय इतिहास संकलन पर जोर

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में इतिहास संकलन समिति, महाकौशल प्रांत के तत्वावधान में बाबा साहब आप्टे की जन्मशती के अवसर पर ‘समर्पण दिवस’ का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

ललित कला विभाग के प्रो. जयशंकर मिश्र ने बाबा साहब आप्टे के भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभाव तथा इतिहास के भारतीय दृष्टिकोण से संकलन के प्रयासों को रेखांकित किया। मुख्य वक्ता प्रो. रवि चौरे ने भारतीय ज्ञान परंपरा पर प्रकाश डालते हुए वराहमिहिर की बृहत्संहिता, वेदों के अध्ययन तथा चित्रकूट व विंध्य क्षेत्र के जियो हेरिटेज पार्क व ऐतिहासिक शोधों की जानकारी दी।

कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. कपिल देव मिश्र ने भारतीय इतिहास व संस्कृति के अध्ययन की आवश्यकता पर बल देते हुए नई शिक्षा नीति के अनुरूप विश्वविद्यालय के प्रयासों को साझा किया। कार्यक्रम के अंत में इतिहास विभाग के प्रो. त्रिभुवन सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस गरिमापूर्ण अवसर पर विभिन्न विभागों के शिक्षक, शोधार्थी तथा स्नातक व परास्नातक के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button