
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में इज्जतनगर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत खेल परिसरों में जीरो वेस्ट कचरा प्रबंधन जागरूकता अभियान चलाया गया. इसी क्रम में रोड नंबर-4 स्थित रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों और रेलकर्मियों ने गहन श्रमदान कर परिसर की सफाई की.
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए आयोजित दौड़ प्रतियोगिताओं के 400 मीटर बालक वर्ग में शिवम ने प्रथम, विशाल ने द्वितीय एवं अर्पन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं 200 मीटर बालिका वर्ग में मंजु ने प्रथम, रिया चौधरी ने द्वितीय एवं सरिता ने तृतीय स्थान हासिल किया. विजेता प्रतिभागियों को वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) एवं क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार द्वारा स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया.
अभियान के तहत काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, काशीपुर, रुद्रपुर सिटी, पीलीभीत, बरेली सिटी, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद और कन्नौज सहित विभिन्न स्टेशनों पर गतिविधियां आयोजित की गईं. विशेष रूप से काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं गीतों की प्रभावी प्रस्तुति देकर यात्रियों, वेंडरों और रेलकर्मियों को स्वच्छ यात्रा के प्रति जागरूक किया गया.