बनारस स्टेशन पर ‘संवाद से समाधान’ शिविर आयोजित, मौके पर हुआ रेलकर्मियों की समस्याओं का निस्तारण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : रेल कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं और परिवादों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा एक बड़ी कल्याणकारी पहल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को बनारस स्टेशन के स्टेशन निदेशक कार्यालय में ‘संवाद से समाधान’ पहल के अंतर्गत वृहद् कर्मचारी परिवाद निस्तारण शिविर का सफल आयोजन किया गया ।

इस शिविर के दौरान उपस्थित रेल कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सेवा संबंधी मामलों और वित्तीय प्रकरणों को अधिकारियों द्वारा बेहद गंभीरतापूर्वक सुना गया। मौके पर ही संबंधित विभागों के माध्यम से नियमों के तहत प्रकरणों का त्वरित परीक्षण करते हुए उनके समयबद्ध निस्तारण की विधिक कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का पारदर्शी समाधान मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिविर में मंडल कार्मिक अधिकारी दयाशंकर प्रसाद, स्टेशन निदेशक रामजी यादव एवं मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। जनसम्पर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि कर्मचारियों की सुविधा के लिए मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी ऐसे शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाएगा ।

Related Articles

Back to top button