ऐतिहासिक पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर “स्टेशन महोत्सव” की धूम; डीआरएम ने विजेता बच्चों को बांटे सर्टिफिकेट

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, दिल्ली: यात्रियों को भारतीय रेल की समृद्ध विरासत, गौरवशाली विकास यात्रा एवं यात्री-केंद्रित सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन (दिल्ली जंक्शन) पर “स्टेशन महोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया । देश के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक स्टेशनों में से एक, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का वर्तमान भवन वर्ष 1903 में आम जनता के लिए खोला गया था, जो तब से लेकर आज तक देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास का एक प्रमुख गवाह रहा है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और लघु फिल्म बनी मुख्य आकर्षण
इस महोत्सव के तहत स्टेशन परिसर में विभिन्न रंगारंग और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा जिम्मेदार नागरिकता पर आधारित एक जीवंत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही, रेलवे के इतिहास को दर्शाती एक भव्य प्रदर्शनी लगाई गई तथा दिल्ली जंक्शन के ऐतिहासिक महत्व को उजागर करने वाली एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। स्टेशन परिसर में रेलवे से संबंधित कलाकृतियों की बिक्री के लिए एक विशेष स्टॉल भी लगाया गया, जिसने यात्रियों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

विजेता छात्रों का हुआ सम्मान
महोत्सव के अंतर्गत स्कूली बच्चों के लिए आयोजित की गई “स्टेशन महोत्सव” विषयक चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) पुष्पेश रमण त्रिपाठी द्वारा आधिकारिक सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। डीआरएम ने अपने संबोधन में कहा कि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन केवल एक परिवहन केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय रेल की समृद्ध विरासत का जीवंत प्रतीक है।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इस प्रकार के रचनात्मक आयोजन रेलवे और समाज के बीच के संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ व मजबूत करते हैं।

Related Articles

Back to top button