
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, भोपाल : मध्य प्रदेश में सरकारी बस सेवा की बहाली के लिए 21 साल का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भोपाल के भेल दशहरा मैदान से रिमोट का बटन दबाकर एक साथ 351 नई आधुनिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।

7 बड़े शहरों में दौड़ेंगी बसें, 75% ग्राम पंचायतें जुड़ेंगी
‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ और ‘पीएम ई-बस सेवा’ के तहत शुरू की गई यह बसें भोपाल और इंदौर सहित प्रदेश के 7 प्रमुख शहरों में इंटरसिटी और इंट्रासिटी रूट्स पर दौड़ेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐलान किया कि पहले ही साल में प्रदेश भर में 1,500 आधुनिक बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया है । इसके साथ ही मोहन सरकार ने राज्य की 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को भी सीधे इस सुगम बस सेवा से जोड़ने का संकल्प लिया है । सीएम ने कहा कि सरकार जनता के हित में बड़े फैसले ले रही है और एक साल के भीतर राज्य में 1 लाख पदों पर सरकारी नौकरियां भी निकाली जाएंगी ।

पीपीपी मॉडल और हाई-टेक सुविधाओं से लैस
इस योजना को सरकार पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर संचालित कर रही है । लॉन्च की गई 351 बसों में 180 पूरी तरह से पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। यात्रियों के आराम के लिए इन बसों में पुश-बैक आरामदायक सीटें, पर्याप्त लेगरूम और शानदार एयर कंडीशनिंग दी गई है। वहीं, महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ड्राइवर की स्क्रीन के ठीक सामने सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड की व्यवस्था की गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाया जा सके ।
