
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल की मेजबानी में आयोजित 81वीं अखिल भारतीय रेलवे (पुरुष) फुटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 के लीग चरण का गुरुवार को जबलपुर के विभिन्न खेल मैदानों पर रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। 15 सितम्बर से शुरू हुई इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश भर की 13 रेलवे टीमों ने दो पूलों (पूल-A और पूल-D) में विभाजित होकर राउंड लीग में प्रवेश के लिए कड़ा संघर्ष किया।
इन चार टीमों ने मारी बाजी:-
कड़े मुकाबलों के बाद पूल-A से उत्तर सीमांत रेलवे व दक्षिण रेलवे तथा पूल-D से रेल कोच फैक्ट्री व मेजबान पश्चिम मध्य रेलवे ने राउंड लीग चरण के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर लिया है !
अंतिम दिन के रोमांचक मैचों के परिणाम:-
पश्चिम मध्य रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्व रेलवे को 2-1 से शिकस्त दी।
पश्चिम रेलवे ने उत्तर पश्चिम रेलवे को बेहद नजदीकी मुकाबले में 1-0 से हराया।
दक्षिण रेलवे ने भी रेल व्हील फैक्ट्री पर 1-0 से रोमांचक जीत दर्ज की।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बनारस लोकोमोटिव वर्क्स को 2-0 से पराजित किया ।
मैचों के दौरान पश्चिम मध्य रेल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक गुन्नार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए मैदान में डटे रहे । पश्चिम मध्य रेल की यह खेल पहल रेलवे में फुटबॉल प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक उत्कृष्ट राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रही है।