चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर कार्यक्रम; विद्यार्थियों को दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को आयुर्वेद के महत्व और संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संकायाध्यक्ष डॉ. रविकांत श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धति से जुड़ने के लिए प्रेरित किया । इस अवसर पर आयुर्वेद विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव ने आयुर्वेद की समृद्ध परंपरा, दैनिक दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार, योग तथा प्राकृतिक जीवनशैली के वैज्ञानिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पाण्डेय ने छात्रों को संबोधित करते हुए आह्वान किया कि वे आधुनिक दौर की भागदौड़ के बीच आयुर्वेद के व्यावहारिक सिद्धांतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और अपने शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सदैव सजग रहें । कार्यक्रम का सफल संचालन लक्ष्मण गर्ग द्वारा किया गया। इस ज्ञानवर्धक जागरूकता सत्र में विश्वविद्यालय के विभिन्न शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button