
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सोमवार को एकदिवसीय कार्यक्रम के तहत बनारस एवं वाराणसी सिटी स्टेशनों का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कांत पांडेय, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर रवीश कुमार और वाराणसी के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) आशीष जैन सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक ने सर्वप्रथम बनारस स्टेशन यार्ड में बनने वाले 03 मीटर चौड़े उपरिगामी पैदल मार्ग की प्रगति जांची। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत, ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत उन्होंने संविदा सफाई कर्मियों से मुलाकात कर उन्हें पीपीई (PPE) किट प्रदान की और उनके साथ सेल्फी खिंचवाकर उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद भारतेंदु सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की गई। तत्पश्चात, महाप्रबंधक ने वाराणसी सिटी स्टेशन पर निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (FOB) का जायजा लिया। अंत में उन्होंने वाराणसी सिटी–सारनाथ के मध्य समपार संख्या 22A पर बन रहे लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) का तकनीकी निरीक्षण कर संरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन करने की हिदायत दी।