
एसबीएसएस, मुंबई : भारतीय सिनेमा की सबसे लोकप्रिय सस्पेंस-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ अब अपने अंतिम अध्याय की ओर बढ़ रही है। पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ ने अजय देवगन स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ की इंटरनेशनल थिएट्रिकल रिलीज और ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन के लिए हाथ मिलाया है। अभिषेक पाठक द्वारा निर्देशित यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘2 अक्टूबर, पाव भाजी और सत्संग’ जैसे पॉपुलर कल्चर रेफरेंस के साथ जुड़ी विजय सालगांवकर की दुनिया इस नए चैप्टर में एक बिल्कुल नई कहानी और स्क्रीनप्ले के साथ आगे बढ़ेगी। फिल्म में जयदीप अहलावत राजवीर सिंह तोमर के रूप में एक बेहद जटिल केस को सुलझाते हुए एंट्री कर रहे हैं। इनके साथ ही प्रकाश राज, तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएँगे।
फिल्म के निर्माता कुमार मंगत पाठक और निर्देशक अभिषेक पाठक ने बताया कि यह अंतिम अध्याय विजय के परिवार की रक्षा करने की असाधारण यात्रा को तार्किक अंत तक ले जाएगा। ज़ी स्टूडियोज़ अपनी मजबूत अंतरराष्ट्रीय वितरण क्षमता के जरिए इस भारतीय जड़ों से जुड़ी कहानी को ग्लोबल ऑडियंस तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।