रेलवे कर्मचारी की संवेदनशीलता: हाथरस स्टेशन पर महिला यात्री के बच्चे के लिए तुरंत पहुंचाया गर्म दूध

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : रेल यात्रियों की सुविधा और आपातकालीन आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशीलता का एक और बेहतरीन उदाहरण पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में सामने आया है । गाड़ी संख्या 05045 लालकुआँ–राजकोट एक्सप्रेस के कोच संख्या S-3, सीट संख्या 23 पर अपने छोटे बच्चे के साथ यात्रा कर रही एक महिला यात्री को बच्चे के लिए गर्म दूध की सख्त जरूरत थी।

इस बात की जानकारी जैसे ही इज्जतनगर के वाणिज्य नियंत्रण कक्ष (कमर्शियल कंट्रोल रूम) को मिली, ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मियों ने तुरंत एक्शन लिया। कंट्रोल रूम से संदेश प्राप्त होते ही हाथरस रेलवे स्टेशन के मुख्य वाणिज्य अधीक्षक (Chief Commercial Superintendent) वी.के. सारस्वत ने त्वरित तत्परता दिखाई। उन्होंने ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही सीधे संबंधित कोच में पहुंचकर महिला यात्री को निःशुल्क गर्म दूध उपलब्ध कराया

रेलवे कर्मचारी की इस त्वरित और मानवीय सहायता के लिए महिला यात्री ने भारतीय रेल और स्टेशन स्टाफ का सहृदय आभार व्यक्त किया। इज्जतनगर रेल प्रशासन ने इस पर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें समयबद्ध व मानवीय संवेदनशीलता के साथ सहायता उपलब्ध कराने के लिए उनके कर्मचारी सदैव तत्पर रहते हैं।

Related Articles

Back to top button