
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत व्यापक बदलाव कार्य किए जा रहे हैं । मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) महेंद्र सिंह के नेतृत्व में 19 और 20 सितम्बर को एक विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान की मुख्य थीम “क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट्स (CTUs) एवं कचरा जमा होने वाले संवेदनशील स्थानों (Garbage Vulnerable Points) में बदलाव” रही। इसके अंतर्गत मंडल के विभिन्न स्टेशन पहुँच मार्गों, रेलवे यार्डों, रेल कॉलोनी परिसरों तथा पटरियों (ट्रैक) के किनारे स्थित कूड़ा-कचरा वाले संवेदनशील स्थलों की पहचान कर उनकी सघन सफाई की गई। रेलवे प्रशासन ने केवल कचरा साफ ही नहीं किया, बल्कि उन स्थलों का स्थायी सौंदर्यीकरण और कायाकल्प भी किया।

यात्रियों और रेल कर्मचारियों को इस अभियान से जोड़ने व प्रोत्साहित करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर स्वच्छता थीम आधारित आकर्षक सेल्फी पॉइंट स्थापित किए गए हैं। इस दो दिवसीय महाअभियान में स्थानीय गणमान्य नागरिकों, सेवानिवृत्त रेल व अर्धसैनिक कर्मियों, गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) और संविदा श्रमिकों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया।
