
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल प्रशासन द्वारा रेल परिवार के बच्चों के मनोरंजन एवं शारीरिक विकास को बढ़ावा देने के लिए एक सराहनीय कदम उठाया गया है। इसी कड़ी में गोंडा स्थित रेलवे मनोरंजन संस्थान में बच्चों के लिए एक अत्याधुनिक और सुरक्षित ‘मल्टीप्ले स्टेशन’ स्थापित किया गया है [20-09-2026]।
इस नए मल्टीप्ले स्टेशन में 3 से 15 वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए विभिन्न प्रकार के आकर्षक व सुरक्षित झूले, स्लाइड्स, टनल स्लाइड और स्पाइरल स्लाइड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस रंग-बिरंगे स्टेशन की क्षमता इतनी है कि एक ही समय में लगभग 50 बच्चे यहाँ खेल-खेल में शारीरिक व्यायाम और मनोरंजन कर सकते हैं।

मंडल रेल प्रबंधक (DRM) गौरव अग्रवाल ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रेल प्रशासन का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के साथ-साथ बच्चों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना है। यह मल्टीप्ले स्टेशन बच्चों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा। गोंडा परिक्षेत्र में इस आधुनिक सुविधा के शुरू होने से रेल अभिभावकों में खुशी की लहर है और वर्तमान में प्रतिदिन 100 से 150 बच्चे सुबह-शाम इस सुविधा का आनंद उठा रहे हैं।