जम्मू मंडल में हिंदी कार्यशालाओं का आयोजन; कटड़ा और जम्मू स्टेशनों पर राजभाषा के प्रयोग पर जोर

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू: राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार और प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत विशेष हिंदी कार्यशालाओं का आयोजन किया गया [19-09-2026]। इसके तहत 17 सितंबर को मंडलीय कार्यालय जम्मू तथा 18 सितंबर 2026 को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन पर कार्यशालाएं संपन्न हुईं।

इन कार्यशालाओं में रेलवे के कार्मिक, वाणिज्य, परिचालन, यांत्रिक, इंजीनियरिंग, संरक्षा एवं स्टेशन प्रबंधन विभागों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला के दौरान उपस्थित रेलकर्मियों को दैनिक पत्राचार, नोटिंग-ड्राफ्टिंग, ई-ऑफिस और अन्य कार्यालयीन गतिविधियों में हिंदी के सरल एवं प्रभावी प्रयोग के गुर सिखाए गए। साथ ही, राजभाषा के उपयोग के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा कर उनका त्वरित समाधान भी बताया गया।

जम्मू मंडलीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता राजभाषा अधिकारी व सहायक कार्मिक अधिकारी सुनील बडोनी द्वारा की गई, जबकि कटड़ा स्टेशन पर यह आयोजन स्टेशन प्रबंधक के सहयोग से पूरा हुआ। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों से दैनिक कार्यों में हिंदी को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button