
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के कुशल दिशा-निर्देशन एवं संरक्षण में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष स्वच्छता संवाद का आयोजन किया गया [17-09-2026]. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में दिन-रात जुटे रहने वाले सफाई सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करना तथा उनके साथ सीधा संवाद स्थापित करना था.
संवाद के दौरान परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व आधुनिक बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई. कार्यक्रम में सफाई सेवकों के अमूल्य योगदान को रेखांकित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि एक स्वस्थ और स्वच्छ शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में इन कर्मचारियों की भूमिका सबसे बड़ी है. स्वच्छता प्रभारी डॉ. रवि शंकर वर्मा की उपस्थिति में सभी ने अपने कार्यस्थल एवं आसपास के परिवेश को साफ रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विश्वविद्यालय के कर्मचारियों, सफाई सेवकों तथा छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता को केवल एक अभियान न मानकर अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया.
