पश्चिम मध्य रेल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शंखनाद, 2 अक्टूबर तक चलेंगी विभिन्न गतिविधियां

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : स्वच्छ और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय, तीनों मंडलों (जबलपुर, भोपाल, कोटा) और दोनों कारखानों में 17 सितंबर 2026 से ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का भव्य शुभारंभ हो गया है। “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम पर आधारित यह अभियान 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके बाद अक्टूबर माह में ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ और ‘विशेष अभियान 6.0’ भी आयोजित होंगे।

मंडल रेल प्रबंधकों व मुख्य कारखाना प्रबंधकों के कुशल निर्देशन में शुरू हुए इस अभियान के तहत स्टेशनों, ट्रेनों, कार्यालयों और रेलवे कॉलोनियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कचरा संवेदनशील स्थलों की पहचान कर उनका सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’, कचरा प्रबंधन नियमों के प्रति जागरूकता, विरासत स्थलों की सफाई और कबाड़ से समृद्धि जैसी अनेक गतिविधियां आयोजित होंगी। 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ पहल के तहत सुबह 8 बजे बड़े स्तर पर सामूहिक श्रमदान किया जाएगा। 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस पर उत्कृष्ट कार्यों के सम्मान के साथ अभियान का समापन होगा।

Related Articles

Back to top button