
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल की मेजबानी में आयोजित 81वीं अखिल भारतीय रेलवे (पुरुष) फुटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 के लीग राउंड के तीसरे दिन (17 सितम्बर) रोमांचक मुकाबले खेले गए। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 15 से 24 सितम्बर 2026 तक जबलपुर के रेलवे स्टेडियम और शिवाजी ग्राउंड में खेली जा रही है, जिसमें कुल 13 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
तीसरे दिन के परिणामों में शिवाजी ग्राउंड पर रेल कोच फैक्ट्री (RCF) ने एकतरफा मुकाबले में दक्षिण तटीय रेलवे को 8-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं, रेल व्हील फैक्ट्री (RWF) ने बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (BLW) को 2-0 से हराया। रेलवे स्टेडियम में खेले गए मैचों में पश्चिम रेलवे (WR) ने पूर्व रेलवे को 2-1 से मात दी, जबकि उत्तर सीमांत रेलवे और दक्षिण रेलवे का मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा।
मैचों के दौरान प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस. डी. पाटीदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ आरआरसी चेयरमैन सुप्रकाश और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वरुण चतुर्वेदी सहित कई रेल अधिकारी मौजूद थे। पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ द्वारा आयोजित यह चैंपियनशिप स्थानीय खेलप्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।