
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में बलिया रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट आवंटित किया गया है। यह रेस्टोरेंट रेल यात्रियों और स्थानीय जनता को एक वातानुकूलित कोच के भीतर बेहतरीन और आधुनिक खान-पान का नया अनुभव प्रदान करेगा।
रेलवे की अनूठी नवाचार नीति के तहत ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से इस रेस्टोरेंट का आवंटन किया गया है। इस अनुबंध की कुल अवधि पांच वर्ष निर्धारित की गई है। रेल प्रशासन के अनुसार, नवंबर 2026 से यह सुविधा आम जनता और यात्रियों के लिए पूरी तरह शुरू हो जाएगी, जहां विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध होंगे।
बलिया स्टेशन पर इसकी शुरुआत के साथ ही यह वाराणसी मंडल का चौथा रेल कोच रेस्टोरेंट बन जाएगा। इससे पहले बनारस, वाराणसी सिटी और मऊ स्टेशनों पर यह अनूठी सुविधा सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। रेल प्रशासन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण के साथ-साथ नॉन-फेयर रेवेन्यू (गैर-किराया राजस्व) बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है, जिसमें यह एक बड़ा कदम है।
