जम्मू तवी स्टेशन पुनर्विकास : यात्रियों के लिए नई प्रवेश-निकास व्यवस्था लागू, सुगम आवागमन हेतु विशेष प्रबंध

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए नई प्रवेश-निकास व्यवस्था सफलतापूर्वक लागू की गई है। 16 सितंबर 2026 से प्रभावी इस अस्थाई व्यवस्था के तहत यात्रियों के प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 1 साइड और निकास (एग्जिट) के लिए सेकंड साइड (नरवाल साइड) को निर्धारित किया गया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए जम्मू मंडल ने व्यापक प्रबंध किए हैं। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए चौबीसों घंटे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए प्रमुख स्थानों पर वाणिज्य विभाग का चेकिंग स्टाफ, स्काउट्स एंड गाइड्स, आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) के जवान तैनात किए गए हैं।

इसके अलावा, पूरे स्टेशन पर स्पष्ट दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं और लाउडस्पीकर के माध्यम से निरंतर घोषणाएं की जा रही हैं। यात्रियों की सहूलियत के लिए नरवाल साइड निकास द्वार पर ऑटो और अन्य परिवहन के पुख्ता इंतजाम हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियों से इस व्यवस्था में सहयोग की अपील की है ताकि कार्य पूरा होने के बाद उन्हें विश्वस्तरीय सुविधाएं दी जा सकें।

Related Articles

Back to top button