
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : हिंदी दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में सोमवार, 14 सितंबर 2026 से 28 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करना है।
पखवाड़े के दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं कार्यालयों में राजभाषा ज्ञान प्रश्नोत्तरी, तात्कालिक टिप्पणी एवं राजभाषा ज्ञान प्रतियोगिता, वाद-विवाद, सुलेख प्रतियोगिता तथा राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठकों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 28 सितंबर को लखनऊ मंडल के सभी स्टेशनों पर राजभाषा प्रचार-प्रसार के साथ पखवाड़े का समापन किया जाएगा। इसी दिन मंडल कार्यालय में पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित होगा।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस हमारी भाषा, सभ्यता, साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने सभी से दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर अधिक से अधिक राजभाषा हिंदी का प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंदी का सहज एवं प्रभावी उपयोग विचारों को स्पष्ट करने के साथ प्रशासनिक कार्यों को सरल, सुगम और प्रभावी बनाने में भी सहायक है।

