
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : उचित यात्रा टिकट के बिना रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ वाराणसी मंडल में सघन टिकट जांच अभियान जारी है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में शनिवार को छपरा कचहरी–थावे–मशरख रेलखंड पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 75103 छपरा–थावे डेमू और 55109 थावे–मशरख–छपरा कचहरी सवारी गाड़ी समेत विभिन्न सवारी ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट तथा अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 21 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से ₹10,820 का जुर्माना वसूल कर रेल राजस्व में जमा कराया गया।
टिकट जांच अभियान में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक/थावे विशाल कुमार सिंह, टिकट निरीक्षक राजेश सिंह, चार टिकट जांच कर्मचारी तथा रेलवे सुरक्षा बल के चार जवान शामिल रहे। अभियान के दौरान संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें भी देखी गईं।
रेल प्रशासन के अनुसार ऐसे अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना और बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना है। अधिकारियों ने यात्रियों को रेल नियमों का पालन करने की सलाह दी है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा से पहले निर्धारित श्रेणी और गंतव्य का उचित टिकट अवश्य लें तथा बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा न करें। उन्होंने यात्रियों से ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का भी आग्रह किया।