बाढ़ प्रभावित किसानों की मदद हेतु केवीके का राहत भरा हाथ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित चित्रकूट एवं मानिकपुर क्षेत्र के किसानों की सहायता के लिए दीनदयाल शोध संस्थान के कृषि विज्ञान केंद्र, गनीवां ने राहत अभियान तेज कर दिया है। केवीके की टीम ने जारो माफी, करौहा, झरी, चुल्ही, रिहुनियां, गोपीपुर, डांडीकोलान और रमपुरवा बैहार समेत कई प्रभावित गांवों का दौरा कर फसलों को हुए नुकसान का स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान प्रभावित परिवारों को राहत के तौर पर तिरपाल वितरित किए गए।

दीनदयाल शोध संस्थान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमिताभ वशिष्ठ ने ग्राम रामपुरवा बैहार पहुंचकर बाढ़ प्रभावित कृषक परिवारों से संवाद किया। उन्होंने किसानों से बाढ़ के कारण फसलों और आवासीय घरों को हुए नुकसान की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि दीनदयाल शोध संस्थान के कार्यकर्ता प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर राहत एवं सहयोग कार्य में जुटे हैं।

वशिष्ठ ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक लगातार बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण कर फसल क्षति का आकलन कर रहे हैं। किसानों को फसल बचाव, खेतों से जल निकासी तथा आगामी कृषि कार्यों के संबंध में तकनीकी जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने किसानों से कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान को लेकर चिंतित रहने के बजाय अब आगामी रबी फसलों की तैयारी पर ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने के साथ रबी फसलों की बेहतर तैयारी के लिए हरसंभव तकनीकी सहयोग देगा। किसानों को समय पर कृषि संबंधी सलाह और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

भ्रमण के दौरान बाढ़ से जिन कृषकों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, ऐसे परिवारों को तिरपाल वितरित किए गए। इससे प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से अपने परिजनों और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आर.एस. नेगी, वैज्ञानिक उत्तम त्रिपाठी, निकरा परियोजना के शोध अध्येता डॉ. साथी पाठक तथा परियोजना सहायक अभय कुमार शुक्ला उपस्थित रहे। वैज्ञानिकों ने प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का निरीक्षण कर किसानों से नुकसान की जानकारी ली और आगामी कृषि कार्यों के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

Related Articles

Back to top button