37वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल कुश्ती प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे ओवरऑल विजेता एवं रेलवे सुरक्षा विशेष बल उपविजेता

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल के रेलवे स्टेडियम, जबलपुर में आयोजित तीन दिवसीय 37वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल कुश्ती प्रतियोगिता-2026 का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह गुरुवार, 10 सितम्बर को सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे ने ओवरऑल विजेता, रेलवे सुरक्षा विशेष बल ने उपविजेता तथा पश्चिम मध्य रेलवे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह में सभी टीमों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह को सलामी दी। इस अवसर पर महानिरीक्षक/रेलवे सुरक्षा बल राजीव कुमार यादव, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नीरज कुमार, मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, आयोजन सचिव सह वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद मुनव्वर खान, विभागाध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

10 सितम्बर को हुए फ्रीस्टाइल कुश्ती के मुकाबलों में 65 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में शिवमन (पश्चिम मध्य रेलवे) ने लोकेश (रेलवे सुरक्षा विशेष बल) को 09-06 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। लोकेश को रजत मिला। 86 किग्रा वर्ग में नाहर देव यादव (उत्तर पूर्व रेलवे) ने भूपेन्द्र (रेलवे सुरक्षा विशेष बल) को चित कर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि भूपेन्द्र ने रजत पदक जीता। 92 किग्रा वर्ग में अनिल (उत्तर रेलवे) ने दादा जाधव (मध्य रेलवे) को चित कर स्वर्ण पदक जीता और दादा जाधव को रजत मिला।

अन्य वर्गों में 61 किग्रा में ललित प्रथम, सुरेन्द्र द्वितीय और कुलदीप तृतीय रहे। 70 किग्रा में नवीन प्रथम, जयवीर द्वितीय और शिसराम गुर्जर तृतीय रहे। 74 किग्रा में नवीन प्रथम, ऋषि द्वितीय और राजू यादव तृतीय रहे। 79 किग्रा में आशीष प्रथम, प्रीतम द्वितीय और जगमिन्दर तृतीय रहे। 97 किग्रा में हरदीप सिंह प्रथम, बसंत द्वितीय और प्रदीप तृतीय तथा 125 किग्रा में बीरेन्द्र प्रथम, समशेर द्वितीय और प्रीक्षित तृतीय स्थान पर रहे।

महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने खिलाड़ियों एवं टीमों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने उत्साह, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। उन्होंने पश्चिम मध्य रेल की खेलों को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यहां से अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेलवे और देश का नाम रोशन कर चुके हैं।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को आगामी अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती प्रतियोगिता, हरियाणा में रेलवे सुरक्षा बल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में रेफरी रिछपाल सिंह, रविन्द्र कुमार, अमित कुमार, शिवकुमार यादव, गगन चक्रवर्ती और महेन्द्र गुर्जर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन मोहम्मद मुनव्वर खान के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button