
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष रेल आधारित तीर्थ यात्रा पैकेज ‘सप्त ज्योतिर्लिंग महायात्रा’ शुरू करने की घोषणा की है। यह यात्रा 25 सितम्बर 2026 से भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। 11 दिवसीय इस आध्यात्मिक यात्रा में मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु उज्जैन के महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर और त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे। इसके अलावा चार पवित्र धामों में शामिल द्वारकाधीश मंदिर भी यात्रा कार्यक्रम में सम्मिलित है।
मध्य प्रदेश में महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर के दर्शन के बाद यात्री गुजरात के द्वारका पहुंचेंगे, जहां द्वारकाधीश मंदिर, रुक्मिणी देवी मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग और बेट द्वारका के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद सोमनाथ मंदिर, भालका तीर्थ और अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण होगा। महाराष्ट्र में भीमाशंकर, एलोरा स्थित कैलाश मंदिर, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग, त्र्यंबकेश्वर तथा पंचवटी यात्रा के प्रमुख आकर्षण होंगे।
ट्रेन में एसी प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी के आधुनिक केबिन, शाकाहारी भोजन, ऑनबोर्ड रेस्टोरेंट, सुरक्षा सुविधाएं और टूर मैनेजर उपलब्ध रहेंगे। पैकेज में 3-स्टार होटल आवास, भोजन, एसी वाहनों से भ्रमण और यात्रा बीमा भी शामिल है। यात्रा का प्रति व्यक्ति किराया 90,930 रुपये से शुरू होगा।