उत्तर प्रदेश में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ के टर्म प्लान कारोबार में 72.6% वृद्धि

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, आगरा : आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में उत्तर प्रदेश में टर्म प्लान (रिटेल प्रोटेक्शन) कारोबार में 72.6 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की है। कंपनी के अनुसार, प्रदेश में बीमा और दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा को लेकर ग्राहकों की रुचि लगातार बढ़ रही है।

31 मार्च 2026 तक कंपनी ने उत्तर प्रदेश में 31,18,423 लोगों को बीमा कवर प्रदान किया था। इस अवधि में राज्य में कंपनी का सम एश्योर्ड 1,95,789 करोड़ रुपये और प्रबंधनाधीन परिसंपत्ति (एयूएम) 20,178 करोड़ रुपये रही। पिछले सात वर्षों में कंपनी ने प्रदेश के ग्राहकों को विभिन्न लाभों के रूप में 6,648 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। वहीं, मृत्यु संबंधी दावों के निपटान में 2,544 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

प्रदेश में कंपनी के 37 शाखाओं, 6,278 भागीदार शाखाओं, 6,567 स्पेसिफाइड पर्सन और 28,521 एडवाइजर का नेटवर्क है। कंपनी ने बताया कि बचत कारोबार में लिंक्ड, गैर-लिंक्ड और एन्युइटी उत्पादों की भी मांग बनी हुई है।

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के मुख्य वितरण अधिकारी अमीश बैंकर ने कहा कि उत्तर प्रदेश कंपनी के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाजार है। शहरी और उभरते क्षेत्रों में बीमा, दीर्घकालिक बचत और सेवानिवृत्ति योजना की मांग बढ़ रही है। कंपनी ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स और डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी की करीब 54 प्रतिशत बचत पॉलिसियां उसी दिन जारी हुईं, जबकि करीब 58 प्रतिशत बीमा पॉलिसियां डिजिटल केवाईसी के माध्यम से जारी की गईं। कंपनी की 97 प्रतिशत सेवाएं सेल्फ-हेल्प या डिजिटल माध्यमों से उपलब्ध हैं।

कंपनी का दावा निपटान अनुपात पहली तिमाही में 99.3 प्रतिशत रहा। कंपनी ने उत्तर प्रदेश में शाखाओं, एडवाइजर नेटवर्क और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के साथ बीमा की पहुंच बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई है। निदेशक मंडल ने कंपनी का नाम बदलकर ‘आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड’ करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।

Related Articles

Back to top button