बाढ़ पीड़ितों की मदद में जुटा दीनदयाल शोध संस्थान, 2500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : चित्रकूट में आई बाढ़ के बीच दीनदयाल शोध संस्थान (डीआरआई) की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। संगठन सचिव अभय महाजन के नेतृत्व में चिकित्सा, कृषि, पशु स्वास्थ्य एवं राहत दल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की मदद कर रहे हैं। सह संगठन सचिव अनिल अग्रवाल विभिन्न बस्तियों में जाकर प्रभावित परिवारों की जरूरतों का जायजा ले रहे हैं।

आरोग्यधाम की ओर से चित्रकूट के विभिन्न वार्डों में राहत-चिकित्सा शिविर लगाए जा रहे हैं। अब तक ढाई हजार से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। चिकित्सकीय दल लोगों को बाढ़ के बाद फैलने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव, स्वच्छ पेयजल और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहा है।

बाढ़ पीड़ितों के लिए सियाराम कुटीर की अन्नपूर्णा सेवा में प्रतिदिन दो बार भंडारा प्रसाद की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा भोजन के पैकेट भी प्रभावित परिवारों तक पहुंचाए जा रहे हैं। सर्वे के आधार पर दो हजार राहत किट तैयार की गई हैं, जिनमें खाद्य सामग्री, राशन, तिरपाल, चटाई, कंबल, कपड़े और अन्य जरूरी सामान शामिल हैं।

तुलसी कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विज्ञान केंद्र मझगवां द्वारा पशु स्वास्थ्य और टीकाकरण शिविर भी लगाए जा रहे हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं ‘नेकी की दीवार’ के तहत जरूरतमंदों को वस्त्र वितरित किए गए। राहत कार्य में 200 से अधिक कार्यकर्ता जुटे हैं।

Related Articles

Back to top button