राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर निरस्त करने की मांग, कांग्रेस का धरना चौथे दिन भी जारी

लखनऊ, 4 सितंबर। उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के मंच के शुद्धिकरण के दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर निरस्त करने की मांग को लेकर कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। इको गार्डेन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

सांसद तनुज पुनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस की मानसिकता दलित विरोधी है। उन्होंने कहा कि खड़गे दलित समाज से आते हैं और उनकी जनसभा के बाद मंच का कथित शुद्धिकरण संविधान विरोधी और दलित समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर निरस्त होने तक धरना जारी रहेगा। प्रदर्शन में एनएसयूआई समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button