
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (RRC), पश्चिम मध्य रेल द्वारा केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना संख्या CEN-08/2024 (लेवल-1) के अंतर्गत रेलवे स्टेडियम (ग्राउंड) आयोजित की जाने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है।
यह परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 31 अगस्त 2026 से 03 सितंबर 2026 तक (कुल 04 दिन) रेलवे स्टेडियम, जबलपुर में आयोजित होनी थी।
जबलपुर शहर में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा और रेलवे स्टेडियम (ग्राउंड) में जलभराव की स्थिति के कारण मैदान दौड़ के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक नहीं है। आगामी दिनों में भी भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए उम्मीदवारों की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की नई तिथियों की घोषणा जल्द ही पृथक से आधिकारिक माध्यमों द्वारा की जाएगी। सभी अभ्यर्थी परीक्षा की आगामी तिथियों और नवीनतम अपडेट के लिए पश्चिम मध्य रेल की आधिकारिक वेबसाइट www.wcr.indianrailways.gov.in को नियमित रूप से देखते रहें।
नोट :- जिन पात्र उम्मीदवारों को ई-कॉल लेटर के साथ “द्वितीय श्रेणी मुफ्त रेल यात्रा प्राधिकार” जारी किया गया था, वे इस प्राधिकार का उपयोग करके यात्रा न करें। परीक्षा स्थगित होने के कारण यह यात्रा पास अब मान्य नहीं है तथा अमान्य पास पर यात्रा करने की पूरी जिम्मेदारी स्वयं उम्मीदवार की होगी।
रेलवे प्रशासन ने उम्मीदवारों को सतर्क करते हुए यह भी दोहराया है कि वे दलालों और फर्जी जॉब रैकेट चलाने वालों से सावधान रहें; रेलवे में चयन पूरी तरह निष्पक्ष और केवल योग्यता (Merit) के आधार पर होता है।
