बीबीएयू में 11वें दीक्षांत समारोह को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित, समारोह की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

अशोक यादव / राहुल यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ का 11वां दीक्षांत समारोह-2026 शनिवार 29 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में बुधवार 26 अगस्त को विश्वविद्यालय द्वारा प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इसके अतिरिक्त मंच पर डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव और जनसंपर्क अधिकारी प्रो. रचना गंगवार मंच पर मौजूद रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह की रूपरेखा, तैयारियों, उपाधि एवं पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी तथा समारोह के प्रमुख कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा की गयी।


विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री की उपस्थिति विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का अवसर है। समारोह में शैक्षणिक वर्षों 2023, 2024, 2025 एवं 2026 के पात्र एवं पंजीकृत विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों के अंतर्गत उपाधियां प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और उनकी मेहनत का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रो. मित्तल ने बताया कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों की सहभागिता को देखते हुए उपाधि वितरण कार्यक्रम को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जबकि द्वितीय चरण दोपहर 2:00 बजे से विद्यार्थियों के संबंधित विभागों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं स्वर्ण पदक विजेताओं सहित अन्य प्रमुख श्रेणियों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

कुलपति ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्रदान करने का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने सभी उपाधिधारकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय से प्राप्त ज्ञान, संस्कार एवं मूल्यों को समाज और राष्ट्र के विकास में उपयोग करना प्रत्येक विद्यार्थी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि समारोह को व्यवस्थित, सुचारु एवं भव्य ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं तथा विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह के प्रथम चरण में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में कुल 22 मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य मंच से उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें स्नातक एवं परास्नातक स्तर के 17 मेधावी/विश्वविद्यालय टॉपर, 1 डी.एससी. तथा 4 आर.डी. सोनकर अवार्ड से सम्मानित होने वाले विद्यार्थी शामिल हैं। मुख्य समारोह के दौरान मंच से केवल उन्हीं विद्यार्थियों को उपाधि अथवा पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जिन्हें इसके लिए विशेष रूप से चयनित एवं चिह्नित किया गया है। उन्होंने कहा कि बीबीएयू के 11वें दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक वर्ष 2023, 2024, 2025 एवं 2026 तथा बैकलॉग के अंतर्गत कुल 8551 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 4832 पुरुष एवं 3719 महिला विद्यार्थी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि वर्षवार आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में 2139, वर्ष 2024 में 2115, वर्ष 2025 में 2237 तथा वर्ष 2026 में 2041 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त बैकलॉग के अंतर्गत 19 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार चारों शैक्षणिक वर्षों एवं बैकलॉग को मिलाकर उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की कुल संख्या 8551 है। प्रो. यादव ने बताया कि पाठ्यक्रमवार आंकड़ों में स्नातक के 2771, स्नातक (मल्टीपल एंट्री एंड एग्जिट) के 228, परास्नातक के 4662, पीएचडी के 412, इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम के 142, सर्टिफिकेट कोर्स के 23, डिप्लोमा पाठ्यक्रम के 198, पीजी डिप्लोमा के 102 तथा एमफिल के 13 विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें सर्वाधिक 4662 विद्यार्थी स्नातकोत्तर (PG) कार्यक्रम के हैं, जबकि 2771 विद्यार्थी स्नातक (UG) कार्यक्रम के हैं।          

विश्वविद्यालय प्रशासन ने जानकारी देते हुए कि दीक्षांत समारोह के प्रथम चरण में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों को समारोह स्थल में प्रवेश के लिए प्रॉक्टर कार्यालय द्वारा वैध दीक्षांत पास उपलब्ध कराया जाएगा। विद्यार्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित दीक्षांत पास के साथ ही समारोह स्थल पर प्रवेश करें तथा विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित करें।

द्वितीय चरण के उपाधि वितरण कार्यक्रम को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विभागाध्यक्षों को उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं अन्य अधिकृत प्रतिभागियों के लिए उचित एवं पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि विद्यार्थी निर्धारित समय पर अपने संबंधित विभागों में पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता कर सकें। इसके अतिरिक्त दीक्षांत समारोह के सफल संचालन एवं विद्यार्थियों को कार्यक्रम की प्रक्रिया से परिचित कराने के उद्देश्य से 27 अगस्त 2026 को दो चरणों में पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण का पूर्वाभ्यास प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा द्वितीय चरण का पूर्वाभ्यास दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम, बीबीएयू में आयोजित होगा।

इसके अतिरिक्त, 28 अगस्त 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक फुल-ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा। दीक्षांत समारोह की गरिमा एवं एकरूपता को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय द्वारा विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। इसके अनुसार छात्रों के लिए क्रीम (व्हाइटिश) रंग का कुर्ता-पायजामा निर्धारित किया गया है। वहीं छात्राओं के लिए क्रीम (व्हाइटिश) रंग की कुर्ती-सलवार/चूड़ीदार अथवा साड़ी निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन करते हुए दीक्षांत समारोह में उपस्थित हों। विद्यार्थियों को समारोह की गरिमा के अनुरूप निर्धारित वेशभूषा में ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कहा गया है।

11वें दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय की ओर से अंगवस्त्रम उपलब्ध कराया जाएगा। अंगवस्त्रम का वितरण 27 एवं 28 अगस्त 2026 को किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोनों दिनों में अंगवस्त्रम प्राप्त करने के लिए दो निर्धारित समय-खंड रखे गए हैं। विद्यार्थी प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक अथवा दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित समय के दौरान अपना अंगवस्त्रम प्राप्त कर सकेंगे। अंगवस्त्रम लेने के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित आवेदन पत्र भरना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यार्थी अंगवस्त्रम प्राप्त कर सकेंगे। प्रशासन ने विद्यार्थियों से अनुरोध किया है कि वे अंगवस्त्रम लेने के लिए निर्धारित आवेदन प्रक्रिया को समय से पूरा कर लें और वितरण के लिए तय समय-खंड के अनुसार ही विश्वविद्यालय पहुंचें।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे दीक्षांत समारोह से संबंधित सभी आवश्यक निर्देशों का ध्यानपूर्वक पालन करें। निर्धारित ड्रेस कोड, पूर्वाभ्यास, फुल-ड्रेस रिहर्सल, अंगवस्त्रम प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं समय-सारिणी का पालन कर विद्यार्थी समारोह के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करें। दीक्षांत समारोह से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.bbau.ac.in/ अथवा संबंधित विभाग से संपर्क किया जा सकता है।
         

Related Articles

Back to top button