
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : यात्रियों की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संख्या 19223/19224 साबरमती – जम्मू तवी एक्सप्रेस के विस्तार को श्री माता वैष्णोदेवी कटरा तक मंजूरी प्रदान कर दी है। यह ट्रेन जम्मू से होते हुए शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन पर ठहराव के साथ श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी।
इस विस्तार से गुजरात, राजस्थान, पंजाब और पश्चिम भारत के हजारों श्रद्धालुओं एवं आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक इन क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को जम्मू तवी स्टेशन पर उतरकर बस या अन्य साधनों से कटरा जाना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को बीच में गाड़ी बदलने, सामान उतारने-चढ़ाने और अतिरिक्त खर्च की परेशानी नहीं होगी। यात्रा अब अधिक सुगम, आरामदायक और समय की बचत वाली हो जाएगी।
ट्रेन संख्या 19223/19224 की विस्तारित सेवा की प्रारंभिक तिथि निर्धारित होते ही यात्रियों को अलग से सूचित किया जाएगा। रेलवे प्रशासन का अनुरोध है, कि यात्री आरक्षण और ट्रेन की अद्यतन स्थिति के लिए IRCTC वेबसाइट, मोबाइल ऐप अथवा स्टेशन पूछताछ केंद्र से संपर्क करें।

जम्मू मंडल यात्रियों को सुरक्षित, किफायती और सुगम रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।