मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा द्वारा मानक नगर एवं उन्नाव स्टेशनों का निरीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने बुधवार 12 अगस्त, 2026 को मानक नगर एवं उन्नाव रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर वहां चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मानक नगर रेलवे स्टेशन पर लगभग ₹ 16.52 करोड़ तथा उन्नाव रेलवे स्टेशन पर लगभग ₹ 29.78 करोड़ की लागत से स्टेशन के उन्नयन एवं यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का कार्य तेजी से चल रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक ने मानक नगर रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 पर चल रहे निर्माण कार्यों तथा विद्युत संबंधी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्नाव रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने, प्रतीक्षालय, खानपान स्टॉल, पूछताछ एवं टिकट काउंटर, स्टेशन प्रवेश द्वार, शौचालय तथा अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा यात्रियों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने उन्नाव स्टेशन पर स्थापित बोतल क्रशर मशीन (Bottle Crusher Machine) का भी निरीक्षण किया तथा इसके समुचित संचालन की जानकारी ली। इसके साथ ही स्टेशन पर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्नाव स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया तथा रेलवे द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन उन्नयन से संबंधित जानकारी साझा की।

निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/गतिशक्ति (CAO/Gati Shakti), मुख्य परियोजना प्रबंधक (CPM) सहित मंडल के संबंधित वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button