
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) एवं डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया बुधवार 12 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगी। विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन/ऑफलाइन काउंसलिंग के लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को संबंधित श्रेणियों के अंतर्गत मेरिट सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का प्रोविजनल सत्यापन 13 अगस्त 2026 को किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के बाद प्रवेश के लिए पात्र अभ्यर्थियों के शुल्क जमा करने हेतु समर्थ पोर्टल पर चालान जनरेट किया जाएगा तथा चालान जनरेट किए गए अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी।
प्रोविजनल प्रवेश की पुष्टि के लिए शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद प्रथम चरण की प्रक्रिया पूर्ण होने पर 18 अगस्त 2026 को रिक्त सीटों की घोषणा विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी नवीनतम सूचनाओं के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.bbau.ac.in/ को नियमित रूप से देखते रहें तथा निर्धारित तिथियों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।