
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल प्रशासन द्वारा यात्रियों से उनकी सुरक्षित एवं संरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए यात्रा के दौरान ट्रेन एवं स्टेशन परिसर में निम्नलिखित नियमों का पालन करने की अपील की जाती हैः
सफर में शोर न करें – सहयात्रियों का सम्मान करें
यात्रा के दौरान ट्रेन में तेज आवाज में मोबाइल पर बात करना, मोबाइल/लैपटाप पर रील/गाने/वीडियो चलाना या अनावश्यक शोर करके सहयात्रियों को परेशान करना प्रतिबंधित है। आरामदायक यात्रा के लिए कृपया इयरफोन का प्रयोग करें और आवाज धीमी रखें।
स्टेशन एवं ट्रेन में गंदगी न फैलाएं – एंटी लिटरिंग
स्वच्छ रेल, स्वस्थ भारत के अंतर्गत यात्रियों से अनुरोध है कि कचरा डस्टबिन में ही डालें। स्टेशन परिसर, ट्रेन के अंदर या पटरियों पर कचरा, थूकना, पान-गुटखा की पीक फेंकना दण्डनीय अपराध है। रेल अधिनियम के तहत एंटी लिटरिंग पर नये नियमों के अन्तर्गत जुर्माना लगाया जाएगा।
पायदान पर यात्रा न करें – जान जोखिम में न डालें
कृपया ट्रेन के पायदान, गेट या सीढ़ियों पर यात्रा न करें। इससे पैर फिसलना, प्लेटफॉर्म/खंभे से टकराना या ट्रेन से गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं, जिससे आपकी जान को खतरा हो सकता है। “हमारा लक्ष्य हर यात्री को सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण यात्रा देना है। जो कि इन नियमों के पालन से ही यह संभव है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना व कार्यवाही की जाएगी।” रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशनों पर उद्घोषणाओं, बैनरों एवं टिकट जांचों के माध्यम से लगातार जागरूकता एवं निगरानी रखी जा रही है। आइए हम सभी मिलकर बनाएं सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण रेल यात्रा