
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के निर्देशानुसार एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ENHM) अनुभव पाठक के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के पर्यावरण एवं साफ-सफाई प्रबंधन अनुभाग द्वारा बनारस, प्रयागराज रामबाग, छपरा, गाजीपुर सिटी एवं बलिया स्टेशनों पर “स्वच्छता से स्वागत” अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं यात्रियों के मध्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर रेल कर्मचारियों एवं यात्रियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए स्वच्छता संबंधी आवश्यक सावधानियों एवं अच्छी आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान जागरूकता रैली, सार्वजनिक उद्घोषणा एवं विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से यात्रियों, रेल उपयोगकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। यात्रियों से स्टेशन परिसर में गंदगी न फैलाने तथा कूड़े-कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की गई। साथ ही, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए हरे एवं नीले डस्टबिन के उचित उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर रेल कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में सहयोग प्रदान किया। सभी से रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में निरंतर सहयोग एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।

“स्वच्छता से स्वागत” अभियान के माध्यम से वाराणसी मंडल ने स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं यात्री-अनुकूल रेलवे वातावरण उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता के प्रति यात्रियों एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया।